भीम प्रज्ञा न्यूज.बिसाऊ। शहर की पिंजरापोल गौशाला परिसर में स्वर्गीय श्रीरामजी कसेरा की स्मृति में जगदीश प्रसाद कसेरा परिवार की ओर से आयोजित श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ बुधवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। प्रातः शीतला मंदिर से डीजे की धुन पर निकली कलश यात्रा में 751 महिलाएं एक समान परिधान धारण कर सिर पर कलश लेकर शामिल हुईं। यात्रा शहर के मुख्य बाजार एवं बस स्टैंड से होती हुई कथा स्थल पहुंची। इस दौरान अयोध्या के भगवान श्रीराम की सजीव झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। वहीं वीर हनुमान तथा राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियों ने नृत्य प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया।
कलश यात्रा के दौरान मुख्य बाजार और बस स्टैंड पर सुंदरकांड समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए जूस एवं शीतल जल की व्यवस्था की गई। शहरवासियों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। इसके पश्चात दोपहर 4 बजे कथा व्यास आचार्य रामसनेही मिश्र ने श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया। कथा में सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित किया।

