पवन कुमार शर्मा
भीम प्रज्ञा न्यूज.मंडावा। राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग के निर्देशानुसार बुधवार को कस्बे में स्थित पारदर्शी कंचनिया शिवालय हरचन्द्रेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं मंगलकामना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना के साथ भगवान महादेव का विधिवत अभिषेक किया गया। नगर पालिका क्षेत्र स्थित पारदर्शी शिवालय महादेव मंदिर में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन प्रशासक एवं उपखंड अधिकारी के निर्देशानुसार संपन्न हुआ। राज्यभर के प्रमुख मंदिरों में भी इसी प्रकार के धार्मिक आयोजन किए गए, जिनका उद्देश्य प्रदेश में शांति, समृद्धि और सकारात्मक वातावरण की कामना करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव के शिवलिंग का जल, दूध एवं अन्य पूजन सामग्री से अभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं और उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुखद भविष्य एवं खुशहाली की मंगलकामना की। इस अवसर पर मंडावा तहसीलदार डॉ. सुरेन्द्र भास्कर, नगर पालिका प्रतिनिधि आनन्द बिहारी सोलंकी, भाजपा मण्डल अध्यक्ष मोहनलाल सैनी, संदीप शर्मा, कैलाश पीपलवा, पूर्व पालिकाध्यक्ष राधेश्याम सैनी, संजय मील, राजेन्द्र ठेकेदार, गिरधारीलाल जांगिड़, गोविन्दराम जोशी, विद्याघर सैनी, बाबूलाल सैनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नगर पालिका क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, आमजन तथा पालिका अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा तथा श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
