महिलाओं को योजनाओं, स्वास्थ्य और अधिकारों के प्रति किया जागरूक, उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान
जून पवन कुमार शर्मा
भीम प्रज्ञा न्यूज.मंडावा।
महिला एवं बाल विकास विभाग एवं महिला अधिकारिता विभाग की ओर से मंडावा ब्लॉक में ‘नारी चौपाल’ एवं ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और महिला अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी डॉ. सुरेंद्र भास्कर, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुलहरी, विकास अधिकारी अमित चौधरी, बाल विकास परियोजना अधिकारी सावित्री कृष्णिया, सांख्यिकी अधिकारी शारदा जिनेलिया, ब्लॉक सामाजिक सुरक्षा अधिकारी सुनीता धायल, महिला अधिकारिता विभाग की मोनिका, ऊषा एवं पुष्पा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जलदाय विभाग के जेईएन रामसिंह भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। अधिकारियों ने महिलाओं से सीधा संवाद कर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा उनके लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को पेंशन योजना, नमो ड्रोन दीदी योजना तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना (PMMVY) के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विकास अधिकारी अमित चौधरी ने कहा कि ड्रोन दीदी योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, जिससे ग्रामीण महिलाएं आधुनिक तकनीक से जुड़कर आर्थिक रूप से मजबूत बन सकेंगी।

ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुलहरी ने महिलाओं एवं बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए लगाए जाने वाले वैक्सीन की जानकारी दी। उन्होंने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में महिलाओं के लिए एनीमिया जांच शिविर का आयोजन भी किया गया, जहां बड़ी संख्या में महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई। उपखंड अधिकारी डॉ. सुरेंद्र भास्कर ने बेटा-बेटी समानता, महिला स्वास्थ्य, पोषण एवं ग्राम स्तर तक संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार महिलाओं को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने महिलाओं से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत बेटियों को मिलने वाली लगभग डेढ़ लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने योजना से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों एवं पात्रता को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करते हुए महिलाओं को सही जानकारी उपलब्ध कराई।
इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं एवं कार्मिकों का सम्मान भी किया गया। नारी शक्ति उत्तम प्रोत्साहन के अंतर्गत कविता कुमारी चूड़ी, चतरपुरा को सम्मानित किया गया। वहीं लाडो योजना के अंतर्गत रुखसाना, मंजू, संगीता, अभिलाषा, वर्षा एवं अंजू को सम्मान प्रदान किया गया।

महिलाओं के लिए उत्कृष्ट कार्य करने पर इंदिरा बुडानिया (अध्यापिका, शहीद रामेश्वर सिंह उच्च माध्यमिक विद्यालय तेतरा), दीपक कुमार (वरिष्ठ लिपिक, मंडावा), शारदा जिनेलिया (सांख्यिकी अधिकारी), दुर्गा देवी मौजावास, सीमा देवड़ा, उमेश कुमार कटारिया (चिकित्सा विभाग), कुलदीप मीणा (पंचायती राज विभाग), विजेंद्र कुमार (महिला एवं बाल विकास विभाग) तथा सुनीता कुलहरी (समाज कल्याण विभाग) को सम्मानित किया गया।

महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और सरकारी योजनाओं को ग्रामीण स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित यह नारी चौपाल महिलाओं के लिए बेहद उपयोगी और प्रेरणादायक साबित हुई।
