भीम प्रज्ञा न्यूज.मंडावा। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के प्रदेश स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर के.के. गुप्ता ने खाटूश्यामजी में आयोजित समीक्षा बैठक में कहा कि मुख्यमंत्री Bhajan Lal Sharma की मंशा के अनुरूप प्रदेश के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाबा श्याम की नगरी को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में नगर पालिका, विद्युत विभाग, सीवरेज परियोजना, सार्वजनिक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। गुप्ता ने कहा कि खाटूश्यामजी देशभर के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, इसलिए यहां स्वच्छता, यातायात व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने आगामी मानसून को देखते हुए नालियों एवं नालों की समय पर सफाई कराने तथा सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि बारिश के दौरान गंदा पानी सड़कों पर नहीं आना चाहिए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
बैठक में नगर को प्लास्टिक मुक्त बनाने पर भी जोर दिया गया। गुप्ता ने सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती से रोक लगाने, जागरूकता अभियान चलाने तथा कपड़े के थैलों के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। इसके अलावा बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों से अतिक्रमण हटाने तथा अवैध स्ट्रीट वेंडरों पर नियंत्रण सुनिश्चित करने की बात कही। बेसहारा पशुओं की समस्या पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि सड़कों पर घूमने वाले पशुओं के उचित प्रबंधन के लिए गौशालाओं की व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि दुर्घटनाओं और यातायात बाधाओं को रोका जा सके।
गुप्ता ने कहा कि खाटूश्यामजी में हर माह करीब 20 लाख श्रद्धालु आते हैं, इसलिए मंदिर परिसर और आसपास चौबीस घंटे सफाई व्यवस्था बनी रहनी चाहिए। महिलाओं के लिए शौचालय सुविधा उपलब्ध कराने हेतु होटल और धर्मशाला संचालकों को भी आवश्यक निर्देश देने की बात कही गई। बैठक में उपखंड अधिकारी, भाजपा नेता गजानंद कुमावत, श्री श्याम मंदिर कमेटी के पदाधिकारी, नगर पालिका अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।
