जिलाध्यक्ष एवं विधायक रीटा चौधरी बोलीं—कार्यकर्ता ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत, एआईसीसी सचिव चिरंजीव राव ने संगठन विस्तार का दिया मंत्र
पवन कुमार शर्मा
भीम प्रज्ञा न्यूज.मंडावा। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के संगठनात्मक अभियान के तहत सोमवार को मंडावा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक महाजन पंचायत भवन में आयोजित की गई। बैठक में मंडावा, अलसीसर (मलसीसर) और बिसाऊ ब्लॉक के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से मंथन किया। बैठक को संबोधित करते हुए झुंझुनूं जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं मंडावा विधायक रीटा चौधरी ने कहा कि कांग्रेस की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनसंपर्क के बल पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आमजन के बीच सक्रिय रहकर पार्टी की नीतियों एवं जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सचिव एवं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह-प्रभारी चिरंजीव राव ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर सक्रिय और संगठित टीम ही चुनावी सफलता का आधार होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय बढ़ाने, संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा पार्टी के कार्यक्रमों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में पीसीसी सचिव एवं सह-समन्वयक प्रताप सिंह जयपुर, संभाग प्रभारी रमेश खंडेलवाल, जिला सह-प्रभारी रियाजत खान, तथा पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष सज्जनलाल मिश्रा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने संगठन के विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी तथा आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने तथा कांग्रेस की विचारधारा को आमजन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
ये रहे उपस्थित
बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधायक रीटा चौधरी, एआईसीसी सचिव एवं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह-प्रभारी चिरंजीव राव, जयपुर संभाग प्रभारी रमेश खंडेलवाल, जिला सह-प्रभारी रियाजत खान, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष सज्जनलाल मिश्रा, किरोड़ीमल पायल, मंडावा ब्लॉक अध्यक्ष अजयपाल सिंह मलसीसर ब्लॉक अध्यक्ष आमीन करी मंडावा नगर अध्यक्ष आयूब खान बिसाऊ, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष नरेश सोनी, मुस्ताक खान बिसाऊ, अयूब भाटी, पीतांबर मिश्रा, गणपत राम बिशु मौजस, यूनुस मोम, शशि भारू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के अंत में संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

