प्रभात फेरी के दौरान लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट ने किया संत का स्वागत
भीम प्रज्ञा न्यूज.चिड़ावा। स्वामी रामसुखदास जी महाराज के परम अनुयायी, परम विरक्त वैरागी और नि:शुल्क कथा के माध्यम से सनातन धर्म की अलख जगाने वाले पूज्य श्री हरि शरण जी महाराज का चिड़ावा आगमन पर भव्य अभिनंदन किया गया। शहर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ के उपलक्ष्य में महाराज श्री के सानिध्य में प्रतिदिन अलसुबह दिव्य प्रभात फेरी निकाली जा रही है। इसी क्रम में, प्रभात फेरी के दौरान लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट के जिला कार्यालय के सामने स्थित संकटमोचन द्वारकाधीश मंदिर के आगे ट्रस्ट के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महाराज श्री की अगवानी की। ट्रस्ट की ओर से श्री हरि शरण महाराज का साफा पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और माल्यार्पण कर भावभीना स्वागत किया गया और आशीर्वाद लिया गया।
धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में जुटे सहयोगियों के प्रति भी कृतज्ञता ज्ञापित की गई। इस अवसर पर श्रीमद् भागवत महापुराण में अग्रणी भूमिका निभा रहे और निरंतर सहयोग कर रहे संदीप हिम्मतरामका एवं अशोक पुजारी का भी ट्रस्ट परिवार द्वारा साफा पहनाकर और माला अर्पण कर विशेष सम्मान किया गया। महाराज श्री के स्वागत और हरि नाम संकीर्तन के इस पावन विहंगम दृश्य के दौरान लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट के जिला प्रभारी राधेश्याम शर्मा सुखाड़िया, नगर प्रभारी रजनीकांत मिश्रा, गौरव शर्मा, मुकेश शर्मा सहित काफी संख्या में ट्रस्ट के कार्यकर्ता, मातृशक्ति और स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे। ‘हरे कृष्ण, हरे राम’ के भजनों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।
