भीम प्रज्ञा न्यूज.लक्ष्मणगढ़। जिला चिकित्सालय लक्ष्मणगढ़ में वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. हैदर अली के नेतृत्व में 70 वर्षीय मरीज राधेश्याम इंदौरिया की हाथ की अल्ना हड्डी के फ्रैक्चर का सफल ऑपरेशन किया गया। प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. अटल भास्कर ने बताया कि मरीज लगभग 10 दिन पूर्व गिरने से घायल हो गया था, जिससे उसके हाथ की अल्ना हड्डी में फ्रैक्चर हो गया। जिला चिकित्सालय की अस्थि रोग ओपीडी में जांच के बाद वरिष्ठ आर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. हैदर अली ने आवश्यक परीक्षण कर ओपन रिडक्शन एंड इंटरनल फिक्सेशन विद प्लेट सर्जरी की सलाह दी। मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के अंतर्गत मरीज का सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया गया। वर्तमान में मरीज की स्थिति संतोषजनक है।उन्होंने बताया कि सर्जरी में निश्चेतन विशेषज्ञ डॉ. सत्यपाल ढाका, ओटी प्रभारी मनोज कुमार, नर्सिंग अधिकारी इमरता देवी सहित ऑपरेशन थिएटर की पूरी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।डॉ. अटल भास्कर ने बताया कि वरिष्ठ आर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. हैदर अली की सेवाएं मिलने के बाद जिला चिकित्सालय में अब फ्रैक्चर के ऑपरेशन, प्लेट एवं स्क्रू फिक्सेशन, प्लास्टर प्रबंधन, जोड़ों की चोटों का उपचार तथा अन्य सामान्य अस्थि रोग संबंधी शल्य प्रक्रियाएं नियमित रूप से की जा रही हैं। इससे क्षेत्र के मरीजों को उपचार के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ रहा है तथा समय और धन दोनों की बचत हो रही है।उन्होंने बताया कि चिकित्सालय में विशेषज्ञ सेवाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। वरिष्ठ मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. संजय सैनी की पदस्थापन के बाद उच्च रक्तचाप, मधुमेह, थायरॉइड, हृदय रोग सहित अन्य सामान्य एवं जटिल मेडिसिन संबंधी बीमारियों का विशेषज्ञ परामर्श एवं उपचार भी नियमित रूप से उपलब्ध कराया जा रहा है। जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ सेवाओं के सुदृढ़ होने से आमजन को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
