भीम प्रज्ञा न्यूज.सिंघाना। सावलोद गांव में बारिश के बाद मुख्य सड़क पर पानी भर गया है। सड़क पर जलभराव होने से ग्रामीणों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और पत्थर हैं, लेकिन पानी भर जाने से वे दिखाई नहीं दे रहे। ऐसे में बाइक और छोटे वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर गुजरना पड़ रहा है। कई लोग पानी में वाहन फिसलने से गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। गांव के लोगों को रोजमर्रा के काम, स्कूल, बाजार और अस्पताल जाने में दिक्कत हो रही है। मुख्य सड़क से निकलना मुश्किल होने के कारण लोगों को दूसरे रास्तों से होकर जाना पड़ रहा है, लेकिन वहां भी कीचड़ और दलदल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि हर बारिश में यही समस्या खड़ी हो जाती है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द पानी निकासी की व्यवस्था कर सड़क को ठीक कराने की मांग की है।
