फूल-मालाओं, साफों और पुष्पवर्षा से गूंजा सूरजगढ़, बोले— यह सम्मान मेरा नहीं, क्षेत्र की जनता के विश्वास और छह बार मिले आशीर्वाद का परिणाम
भीम प्रज्ञा न्यूज.सूरजगढ़। राजस्थान विधानसभा के गठन के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 15 जुलाई को जयपुर में आयोजित गरिमामय समारोह में उपराष्ट्रपति के हाथों सम्मानित होने के बाद रविवार को सूरजगढ़ पहुंचे विधायक श्रवण कुमार का ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया गया। जयपुर से सूरजगढ़ पहुंचते ही समर्थकों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने उनका जोरदार अभिनंदन किया। पूरा शहर स्वागत के रंग में रंगा नजर आया। जगह-जगह फूल-मालाओं, साफों और पुष्पवर्षा से विधायक का स्वागत किया गया। नगर कांग्रेस कमेटी की ओर से विधायक श्रवण कुमार को 151 फीट लंबी पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान समर्थकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर कार्यकर्ता जमकर झूमे और विधायक के सम्मान में जोरदार नारे लगाए।
प्रमुख मार्गों से निकली भव्य स्वागत रैली
स्वागत समारोह के बाद शहर के प्रमुख मार्गों से भव्य स्वागत रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और आमजन शामिल हुए। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने विधायक पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
यह सम्मान मेरा नहीं, जनता के विश्वास का सम्मान है: विधायक श्रवण कुमार
स्वागत समारोह के बाद विधायक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विधायक श्रवण कुमार ने कहा कि उपराष्ट्रपति के हाथों मिला सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि सूरजगढ़ और पिलानी विधानसभा क्षेत्र की जनता के प्रेम, विश्वास और आशीर्वाद का सम्मान है उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने लगातार छह बार उन्हें विधानसभा भेजकर जो भरोसा जताया, उसी विश्वास और जनसेवा के संकल्प का परिणाम है कि उन्हें यह गौरव प्राप्त हुआ। विधायक ने कहा, “जनता ने जिस विश्वास के साथ मुझे छह बार विधानसभा भेजा, मैंने हर बार उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास किया। यह सम्मान मेरे लिए नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के स्नेह, विश्वास और सेवा का सम्मान है। आने वाले समय में भी मैं पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ क्षेत्र के विकास और जनहित के कार्य करता रहूंगा।”
समारोह के दौरान पूरे सूरजगढ़ में उत्सव जैसा माहौल रहा। समर्थकों ने विधायक के सम्मान में जमकर नारेबाजी की और क्षेत्र के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ उनका अभिनंदन किया। उपराष्ट्रपति से सम्मानित होकर लौटे विधायक श्रवण कुमार के स्वागत को लेकर क्षेत्र में दिनभर उत्साह और गौरव का वातावरण बना रहा।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कांग्रेस पदाधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर पूर्व प्रधान शेरसिंह नेहरा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सूरजगढ़ अध्यक्ष सचिन शेखावत, बुहाना के निवर्तमान प्रधान हरिकिशन यादव, महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव नीतू वर्मा, सिंघाना नगर कांग्रेस अध्यक्ष डीपी सैनी, सूरजगढ़ शहर कांग्रेस अध्यक्ष रामसिंह चेतीवाल, लोकगायक संजय सैन, संगठन महासचिव सांवरमल सैनी, रघुवीर मुरादपुर, अशोक कटेवा, बाबूलाल कालोड़िया, सोनू पंडित, सत्यवीर गजराज, अशोक पंच, कुलदीप डूमोली, राजू, महेश सैनी, रफीक खान, रविकांत यादव, संजय योगी, रोहतास महला, चंद्रभान, सुरेश बड़गूजर, छोटेलाल कटारिया, अजयपाल ठिचोली, बिहारी लाल, जसवंत मेघवाल, मनोज चांवरिया, पूर्व पार्षद योगेश सोनी, पूर्व पार्षद संजय चौधरी, कपिल शाह, महेश गोदारा, रोशन सैनी, रघुवीर स्वामी, पूर्व सरपंच मान सिंह सहारण, महावीर पांथरोली, काकोड़ा सरपंच संदीप डैला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहें।



