भीम प्रज्ञा न्यूज.लक्ष्मणगढ़। ग्रामीण क्षेत्रों में बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दो ग़ैर सरकारी संस्थाओं द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। सुप्रीम फाउंडेशन, जसवंतगढ़ तथा सेवियर वेलफेयर एंड अवेयरनेस समिति सीकर के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय प्राथमिक विद्यालय, खुड़ी छोटी में आधुनिक ‘बालिका प्रसाधन’ (शौचालय) का निर्माण कार्य किया गया है। इस नवनिर्मित बालिका प्रसाधन इकाई में उच्च स्तरीय स्वच्छता मानकों का विशेष ध्यान रखा गया है। दो पृथक शौचालयों के साथ-साथ सुचारू जलापूर्ति हेतु छत पर पानी की टंकी स्थापित की गई है तथा छात्राओं के हाथ धोने के लिए बाहर एक आधुनिक वॉशबेसिन व नल की सुविधा भी प्रदान की गई है। विद्यालय प्रशासन की ओर से श्रीमती प्रभाती देवी और श्रीमती सरिता चौधरी ने इस पुनीत कार्य के लिए सुप्रीम फाउंडेशन और सेवा एनजीओ का सहृदय आभार व्यक्त करते हुए बताया कि इस बुनियादी सुविधा के उपलब्ध होने से विद्यालय की छात्राओं को अब अत्यधिक सुविधा होगी, जिससे उनके नामांकन और नियमित उपस्थिति में सकारात्मक सुधार आएगा। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में लंबे समय से बालिकाओं के लिए एक सुव्यवस्थित प्रसाधन गृह की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे दोनों संस्थाओं ने मिलकर त्वरित रूप से धरातल पर उतारा है। सुप्रीम फाउंडेशन की ओर से पवन भण्डारी ने बताया कि तापड़िया परिवार सामाजिक कार्य के लिए समर्पित है और नागौर और चूरू जिले के बाद अब सीकर में भी अपना योगदान शुरू किया है। सुप्रीम फाउंडेशन का ध्येय ग्रामीण अंचलों के राजकीय विद्यालयों में आवश्यक बुनियादी ढांचा विकसित करना है, ताकि हमारी बेटियों को एक स्वच्छ, सुरक्षित और सम्मानजनक शैक्षणिक वातावरण मिल सकें।
