पवन कुमार शर्मा
भीम प्रज्ञा न्यूज.मंडावा। मंडावा स्थित राधिका होटल में रविवार को नीट-यूजी परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाली प्रतिभाशाली छात्रा भूमि जोशी के सम्मान में नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। शहर के गणमान्य नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने भूमि जोशी का माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर भूमि जोशी ने अपनी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत, अनुशासित दिनचर्या, प्रभावी समय प्रबंधन तथा परिवार और शिक्षकों के निरंतर सहयोग को दिया। उन्होंने भावुक होकर कहा कि उनकी मां का संघर्ष, त्याग और हौसला ही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा रहा है। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय मां, भाई और गुरुजनों को समर्पित करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और विश्वास ने हर कठिन समय में आगे बढ़ने की शक्ति दी। भूमि जोशी ने कहा कि नियमित अध्ययन, निरंतर अभ्यास और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने भविष्य में एक संवेदनशील चिकित्सक बनकर गरीब, असहाय, बुजुर्ग एवं दिव्यांग लोगों की सेवा करने की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने इस वर्ष नीट परीक्षा में सफलता प्राप्त नहीं कर सके अभ्यर्थियों को भी प्रेरणादायक संदेश देते हुए कहा कि असफलता अंत नहीं, बल्कि सफलता की ओर बढ़ने का एक पड़ाव है। यदि सही दिशा में निरंतर मेहनत की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मविश्वास बनाए रखने और अपने लक्ष्य के प्रति पूरी निष्ठा से जुटे रहने का आह्वान किया। समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों ने भूमि जोशी की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। वक्ताओं ने विश्वास जताया कि भूमि भविष्य में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देकर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी। कार्यक्रम में भाजपा नेता संदीप शर्मा, मंडल अध्यक्ष मोहनलाल सैनी, कैलाश पीपलवा, सत्यनारायण शर्मा, नारायण कुमावत, गोविन्दराम जोशी, श्रीकांत जोशी, आलोक शर्मा, बबलू भाया सहित अनेक गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने भूमि जोशी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
