भीम प्रज्ञा न्यूज.चिड़ावा। चिड़ावा के पिलानी रोड स्थित राजकीय अडूकिया स्कूल में सोमवार को संस्था प्रधान रहे प्रदीप मोदी के स्थानांतरण के विरोध में एक महिला ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया। इसके चलते करीब 40 मिनट तक विद्यार्थी और शिक्षक स्कूल के बाहर खड़े रहे। सूचना मिलने पर ताला खुलवाया गया, जिसके बाद विद्यालय का संचालन शुरू हो सका। प्रदर्शन कर रहे अभिभावकों और विद्यार्थियों का कहना था कि प्रदीप मोदी के कार्यकाल में विद्यालय का नामांकन बढ़ा तथा स्कूल में कई सुविधाओं का विस्तार हुआ। उनका आरोप है कि स्थानांतरण के बाद विद्यालय का पहले जैसा माहौल नहीं रहा, इसलिए प्रदीप मोदी का स्थानांतरण निरस्त कर उन्हें वापस लगाया जाए। वहीं वर्तमान संस्था प्रधान संदीप ने कहा कि विद्यालय में यदि किसी प्रकार की कोई कमी है तो उसकी जानकारी उन्हें या प्रशासन को दी जाए, उसका समाधान कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदीप मोदी का स्थानांतरण न तो उनके द्वारा कराया गया है और न ही उसे निरस्त करवाना उनके अधिकार क्षेत्र में है। उल्लेखनीय है कि प्रदीप मोदी का स्थानांतरण चूरू जिले में किया गया है।
