लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध मतदाता सूची जरूरी, नागरिक करें सहयोग
डीसी डॉ. विवेक भारती ने पत्रकार वार्ता में एसआईआर बारे दी विस्तृत जानकारी
15 जून से बीएलओ घर-घर जाकर करेंगे सत्यापन, ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध होगी सुविधा
भीम प्रज्ञा न्यूज@रजत विजय रंगा.फतेहाबाद।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी डॉ. विवेक भारती ने कहा है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूचियों को अधिक शुद्ध, पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-एसआईआर) अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने जिला के मतदाताओं से इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि नागरिक किसी भी प्रकार के भ्रम या भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें, क्योंकि यह प्रक्रिया केवल पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए संचालित की जा रही है। मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में पत्रकारों से बातचीत करते हुए डीसी डॉ. विवेक भारती ने बताया कि जिला में यह विशेष अभियान 5 जून से शुरू होगा। अभियान के तहत मतदाता सूची का व्यापक सत्यापन कर उसे शुद्ध किया जाएगा, जिससे प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके और निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता और अधिक मजबूत हो।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सफलता और सशक्त जनभागीदारी के लिए मतदाता सूची का त्रुटिरहित होना अत्यंत आवश्यक है। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान मृत मतदाताओं के नाम हटाने, दोहरी प्रविष्टियों को समाप्त करने, स्थानांतरित मतदाताओं के रिकॉर्ड को सत्यापित करने तथा नए पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोडऩे का कार्य किया जाएगा। इस पुनरीक्षण के लिए 1 जुलाई, 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित की गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 5 से 10 जून तक बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा तथा उन्हें आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके बाद 15 जून से 14 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और आवश्यक जानकारी एकत्रित करेंगे। इसी दौरान मतदान केंद्रों के रेशनलाइजेशन की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी, ताकि मतदाताओं को मतदान के दौरान बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। जिन बूथों पर 1200 से अधिक मतदाता है उनके रेशनलाइजेशन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत तैयार ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 21 जुलाई, 2026 को किया जाएगा। इसके पश्चात 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जिससे पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जा सकें तथा सूची में मौजूद त्रुटियों का समयबद्ध समाधान किया जा सके।
डॉ. विवेक भारती ने कहा कि बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) और बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) इस पूरी प्रक्रिया की सफलता की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी सक्रिय भागीदारी और समन्वय से मतदाता सूची को अधिक सटीक और विश्वसनीय बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, बीएलए और आम नागरिकों से अभियान में सकारात्मक सहयोग देने की अपील की। उन्होंने बताया कि मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गणना प्रपत्र भरने और आवश्यक दस्तावेज जमा करने की प्रक्रिया को हाइब्रिड मोड में उपलब्ध कराया गया है। नागरिक ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन माध्यम से भी घर बैठे अपना गणना प्रपत्र भर सकते हैं।जिला निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जब बीएलओ सत्यापन के लिए उनके घर पहुंचें तो उन्हें आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज उपलब्ध करवाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहयोग से जिला की मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, और पारदर्शी बनाया जा सकेगा तथा प्रत्येक पात्र नागरिक का मताधिकार सुरक्षित और सुनिश्चित होगा।
