सोहनलाल परिहार
भीम प्रज्ञा न्यूज.खाजूवाला। खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र के ग्राम करणीसर में पिछले दिनों हुई एक बड़ी चोरी की वारदात के बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री गोविंद राम मेघवाल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। मेघवाल स्थानीय निवासी तोलाराम पंवार एवं लाधु राम पंवार के निवास पर पहुँचे और परिवारजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने हाल ही में हुई चोरी की घटना के संबंध में विस्तार से जानकारी ली और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
15 लाख की चोरी से परिवार सदमे में
इस भीषण चोरी की वारदात में चोरों ने घर से लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण एवं नगदी पार कर दिए। इस घटना के कारण पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक और मानसिक क्षति पहुँची है। परिवार के सदस्यों से मिलने के बाद पूर्व मंत्री ने घटना पर गहरा दुख और चिंता व्यक्त की।
पुलिस के उच्च अधिकारियों से वार्ता, त्वरित कार्रवाई की मांग
घटना की गंभीरता को देखते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री गोविंद राम मेघवाल ने तुरंत पुलिस के उच्च अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने अधिकारियों से मामले की गहनता और गंभीरता से जांच करने को कहा। मेघवाल ने प्रशासन के सामने तीन मुख्य मांगें रखीं और मामले का शीघ्र खुलासा किया जाए। चोरी गए आभूषण और नगदी की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित की जाए। वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाए। जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। मुझे पूरा विश्वास है कि पुलिस इस मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करेगी और पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय दिलाएगी।”
