जंतर-मंतर पर युवाओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में उतरी पिलानी-चिड़ावा कांग्रेस; शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
भीम प्रज्ञा न्यूज.चिड़ावा। देश भर में चर्चित नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे युवाओं पर पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को चिड़ावा-पिलानी कांग्रेस कमेटी ने सड़क पर उतरकर आक्रोश जताया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने उपखंड कार्यालय चिड़ावा के समक्ष जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने “शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” और “मोदी सरकार होश में आओ” के नारे लगाते हुए केंद्र सरकार की नीतियों की कड़े शब्दों में निंदा की। विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि देश का युवा अपने भविष्य और हक की लड़ाई लड़ रहा है, लेकिन केंद्र सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन पर लाठियां बरसा रही है। नीट पेपर लीक ने लाखों होनहार छात्रों के भविष्य पर सवालिया निशान लगा दिया है। जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं दे देते और छात्रों को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक कांग्रेस का यह आंदोलन जारी रहेगा।
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेसी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे जिनमें पूर्व प्रधान शेर सिंह नेहरा, चिड़ावा ब्लॉक अध्यक्ष संजय सैनी, पिलानी ब्लॉक अध्यक्ष विनोद काजला, रघुवीर डेला, पूर्व नगर अध्यक्ष राधेश्याम शर्मा सुखाड़िया, समाजसेवी शीशराम सैनी ‘बिल्लू’, नगर निकाय अध्यक्ष महेश सैनी,पूर्व पार्षद शिवलाल सैनी, पूर्व पार्षद निखिल नूनिया, ओबीसी ब्लॉक अध्यक्ष सुभाष भांभू, सरपंच महावीर सिंह, अनिल कटेवा, प्रकाश गुर्जर, एडवोकेट धर्मपाल, रणवीर पुनिया, ताराचंद लांबा, प्रेम लांबा, महिपाल, शीशराम ओला, सत्यवीर सिंह, देवकरण महला, एडवोकेट रवि प्रकाश, विनोद कटकी, लोकेश कटारिया, श्रीराम सैनी, रामविलास, नंदलाल, राजेश काजला, ओमप्रकाश चंदेलिया, ओमप्रकाश बाल्मिकी, नरेंद्र भगत, विमलेश सैनी, दिनेश कटारिया, रामविलास सैनी, दलीप मेघवाल, रामजीलाल सैनी, बाबूलाल सैनी, संजय नूनिया, होशियार लांबा सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहें।
