अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण और अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
भीम प्रज्ञा न्यूज़.पचेरी।
जिला पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने मंगलवार को पुलिस थाना पचेरी कलां एवं सिंघाना का औचक निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी, अनुशासन एवं जनसेवा के प्रति संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, एचएम कार्यालय, मालखाना, महिला डेस्क, बैरक, हवालात तथा मैस सहित विभिन्न शाखाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों एवं रिकॉर्ड की जांच कर आवश्यक कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए। इस दौरान थाना पचेरी कलां के थानाधिकारी लक्ष्मीनारायण तथा थाना सिंघाना के थानाधिकारी सुगन सिंह उपस्थित रहे।
अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों पर विशेष फोकस
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने दोनों थाना क्षेत्रों में अपराध की स्थिति की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों की जांच समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई और पीड़ितों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश भी दिए।
अवैध कारोबार पर सख्ती के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने नशीले पदार्थों की तस्करी, जुआ, सट्टा, अवैध शराब कारोबार तथा अवैध हथियारों के मामलों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी और निरंतर अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाया जा सके।
सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों पर जोर
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ने यातायात व्यवस्था की समीक्षा भी की। उन्होंने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
अंतरराज्यीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत
निरीक्षण के दौरान अंतरराज्यीय सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सीमा क्षेत्र में नियमित नाकाबंदी, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन जांच तथा अपराधियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाकर अपराधियों की आवाजाही और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जाएगी। जिला पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है। इसके लिए सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।
