दो युवक गंभीर घायल, पुलिस ने क्षतिग्रस्त गाड़ियां जब्त कर शुरू की जांच
भीम प्रज्ञा न्यूज.सिंघाना। सिंघाना थाना क्षेत्र के बुहाना रोड पर सरकारी अस्पताल के पास देर रात दो पक्षों के बीच मामूली कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। ढाबे पर हुई कहासुनी के बाद आरोप है कि फॉर्च्यूनर और थार में सवार युवकों ने ब्रेजा कार का पीछा कर उसे टक्कर मारकर रोक लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार कुछ लोग गुर्जरवास गांव में आयोजित छठी के कार्यक्रम से लौट रहे थे। रास्ते में बुहाना रोड स्थित एक ढाबे पर चाय पीने के दौरान दूसरे पक्ष के युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। दोनों पक्ष वहां से रवाना हो गए, लेकिन कुछ दूरी पर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि फॉर्च्यूनर और थार में सवार युवकों ने ब्रेजा कार का पीछा कर उसे टक्कर मारकर रोक लिया। इसके बाद लाठी-डंडों व अन्य वस्तुओं से मारपीट की गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।मारपीट में हरियाणा के खैरोली निवासी 27 वर्षीय जीतराम तथा सिंघाना थाना क्षेत्र के पालोता निवासी 25 वर्षीय देवेंद्र घायल हो गए। दोनों को पहले सिंघाना के राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद देवेंद्र की गंभीर हालत को देखते हुए झुंझुनूं रेफर कर दिया गया। सूचना पर सिंघाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से क्षतिग्रस्त ब्रेजा व थार वाहन जब्त कर थाने ले गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है। सिंघाना थानाधिकारी सुगन सिंह ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। इसके बावजूद पुलिस अपने स्तर पर साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच कर रही है। तथ्य सामने आने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
