वाइस प्रिंसिपल पद से सेवानिवृत्त होने पर शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने किया सम्मानित
भीम प्रज्ञा न्यूज़.पचेरी।
शिक्षा विभाग में लंबे समय तक उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने के बाद वाइस प्रिंसिपल पद से सेवानिवृत्त हुए शिक्षाविद रमेश शर्मा शास्त्री के अपने पैतृक गांव अलीपुर (पचेरी) पहुंचने पर ग्रामीणों, शिक्षाविदों, समाजसेवियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा भव्य अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर मंगलवार को प्रेम मैरिज गार्डन, पचेरी में स्नेहभोज एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहें। समारोह में वक्ताओं ने कहा कि रमेश शर्मा ने अपने शिक्षकीय जीवन में न केवल विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की, बल्कि संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के माध्यम से हजारों विद्यार्थियों का भविष्य भी संवारा। शिक्षा विभाग में उनकी निष्ठा, समर्पण और कार्यशैली सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों एवं शिक्षाविदों ने पुष्पमालाएं पहनाकर तथा अभिनंदन पत्र भेंट कर उनका सम्मान किया। संस्कृत भाषा में प्रस्तुत अभिनंदन पत्र में उनके शिक्षा, साहित्य, समाजसेवा और प्रशासनिक क्षेत्र में दिए गए योगदान का उल्लेख करते हुए उन्हें विद्या, संस्कार और सेवा का प्रतीक बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि रमेश शर्मा का जीवन इस बात का उदाहरण है कि एक शिक्षक केवल पाठ्यपुस्तकों का ज्ञान ही नहीं देता, बल्कि समाज निर्माण की मजबूत नींव भी रखता है। उन्होंने अपने कार्यकाल में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा की भावना से भी जोड़ा।
सम्मान समारोह में उपस्थित लोगों ने उनके स्वस्थ, सुखमय एवं सक्रिय जीवन की कामना करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति किसी कर्मयोगी के लिए विराम नहीं, बल्कि समाजसेवा के नए अध्याय की शुरुआत होती है। ग्रामीणों ने विश्वास व्यक्त किया कि रमेश शर्मा भविष्य में भी शिक्षा, साहित्य और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे। कार्यक्रम में शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन तथा परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह का वातावरण आत्मीयता, सम्मान और गौरव की भावना से सराबोर रहा।
