पीपल पूजन व तालाब पूजन कर दिया जल संरक्षण और पर्यावरण बचाने का संदेश
भीम प्रज्ञा न्यूज.बुहाना। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर बुहाना में पीपल पूजन एवं तालाब पूजन के साथ ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं प्रकृति के प्रति सांस्कृतिक आस्था को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संस्कृति में पीपल वृक्ष एवं जल स्रोतों का विशेष आध्यात्मिक और पर्यावरणीय महत्व रहा है। प्रकृति संरक्षण की परंपराएं केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि मानव जीवन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार हैं। इस दौरान स्थानीय नागरिकों, युवाओं एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जल बचाने, पर्यावरण संरक्षित रखने और स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में अशोक कुमार, बजरंग लाल जाखड़, मंडल अध्यक्ष विक्रम, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र यादव, पूर्व प्रधान कृष्ण यादव सहित बड़ी संख्या में सरपंच, अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी से जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं स्वच्छ पर्यावरण निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
