तेतरा तालाब और अलखियान जोहड़ पर विशेष कार्यक्रम, जल संरक्षण व पर्यावरण संवर्धन का लिया संकल्प
पाणी रो मान राखो-जीवन रो ध्यान राखो’ के संदेश के साथ मंडावा में जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की पहल
कलश यात्रा ,जोहड़ा जल पूजन, श्रमदान, वृक्षारोपण ,पीपल पूजन के साथ मंडावा में जल बचाने का संकल्प, ग्रामीणों ने दिखाई बड़ी भागीदारी
पवन कुमार शर्मा
भीम प्रज्ञा न्यूज.मंडावा।
राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार मंडावा क्षेत्र में “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026” का ब्लॉक स्तरीय शुभारंभ रविवार को ग्राम पंचायत तेतरा के तालाब एवं शहरी क्षेत्र स्थित अलखियान जोहड़ पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के साथ किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और प्राकृतिक जल स्रोतों की सुरक्षा के प्रति आमजन में जागरूकता पैदा करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी और भव्य कलश यात्रा से हुई। महिलाओं और युवतियों ने उत्साहपूर्वक सिर पर कलश धारण कर जल संरक्षण का संदेश देते हुए यात्रा निकाली। इसके बाद गंगा मैया पूजन, महाआरती, जल पूजन, पीपल पूजन एवं सरोवर पूजन जैसे धार्मिक और पर्यावरणीय कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे प्रकृति संरक्षण और जल बचाने का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। अभियान के तहत तेतरा तालाब एवं अलखियान जोहड़ पर श्रमदान कर साफ-सफाई की गई तथा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। ग्रामीणों और अधिकारियों ने वर्षा जल संचयन, तालाबों की स्वच्छता बनाए रखने और जल स्रोतों को सुरक्षित रखने की शपथ लेते हुए जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मंडावा पंचायत समिति के विकास अधिकारी अमित चौधरी ने उपस्थित लोगों को जल स्रोतों के संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और प्राकृतिक संसाधनों के सही उपयोग का संकल्प दिलाया। वहीं मंडावा तहसीलदार डॉ. सुरेंद्र भास्कर ने कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता है और जनभागीदारी के बिना ऐसे अभियानों की सफलता संभव नहीं है। उन्होंने ग्रामीणों से जल की प्रत्येक बूंद का महत्व समझते हुए जल बचाने की अपील की। कार्यक्रम में पंचायती राज, ग्रामीण विकास, जल ग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग, महिला एवं बाल विकास, राजीविका, कृषि, शिक्षा, जलदाय, विद्युत, समाज कल्याण और सांख्यिकी विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
इस दौरान आनंद सोलंकी (नगर पालिका मंडावा), एईएन संजेश कुमार विद्युत विभाग, रामसिंह गुर्जर जलदाय विभाग, सत्यनारायण शर्मा, सुजीत कुमार, नरेंद्र कुमार, बीडीओ अमित चौधरी, सावित्री देवी (सरपंच तेतरा), राकेश कुमार (एडीओ), राजेश सैनी, कैलाश चंद्र,एएओ वेद प्रकाश, रवि मीणा, सुनील माहिच राकेश सोनी, सुरेंद्र कुमार,एलडीसी राजकुमारी, ताराचंद, महिला बाल विकास विभाग पुष्पा राठौड़, उषा कुल्हारी, राम सिंह गुर्जर (जेईएन), संजय कुमार, सामाजिक कल्याण ब्लॉक अधिकारी सुनीता धायल, शारदा सांख्यिकी विभाग सीबीईओ पवन कुमार, जल ग्रहण विभाग एवं भू संरक्षण अधिकारी भारत गोरा, सहित अन्य विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, ग्रामीण महिलाएं व पुरुष बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

अभियान के दौरान “पाणी रो मान राखो-जीवन रो ध्यान राखो” का संदेश देते हुए लोगों से जल बचाने, तालाबों की नियमित साफ-सफाई रखने तथा वर्षा जल संचयन को अपनाने की अपील की गई। कार्यक्रम ने जल संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए इसे सामाजिक जागरूकता के प्रभावी अभियान के रूप में मजबूत संदेश दिया। तहसीलदार डॉ सुरेंद्र भास्कर के नेतृत्व में वृक्षारोपण करते हुए तुलसी के पौधे वितरित किए गए।
