भीम प्रज्ञा न्यूज.पचेरी। उपखंड के कलोठड़ा गांव में आंधी के बाद विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। गांव के सरकारी स्कूल के समीप लगा विद्युत ट्रांसफॉर्मर खंभे से टूटकर तारों के सहारे लटक गया है, जिससे ग्रामीणों में हादसे का डर बना हुआ है। वहीं गांव में एक अन्य ट्रांसफॉर्मर के जमीन पर गिरने की भी सूचना है। घटना के बाद से गांव की बिजली आपूर्ति बाधित है और पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो गई है। ग्रामीणों के अनुसार कुछ दिन पूर्व आई तेज आंधी के दौरान स्कूल के पास स्थापित ट्रांसफॉर्मर का खंभा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे ट्रांसफॉर्मर टूटकर तारों के सहारे हवा में झूलने लगा। यह ट्रांसफॉर्मर मुख्य रास्ते के नजदीक होने के कारण लोगों के लिए खतरा बना हुआ है। इसी मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चों का आवागमन रहता है। ऐसे में किसी भी समय तार टूटने या ट्रांसफॉर्मर गिरने से बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि घटना के बावजूद विद्युत विभाग की ओर से अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है। ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त होने के कारण पिछले तीन दिनों से गांव में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। बिजली नहीं होने से घरों में दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं, वहीं किसानों और व्यापारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली संकट का सबसे अधिक असर गांव की पेयजल व्यवस्था पर पड़ा है। जानकारी के अनुसार क्षतिग्रस्त ट्रांसफॉर्मर गांव के सार्वजनिक थ्री-फेज बोरवेल से जुड़ा हुआ है। बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण बोरवेल संचालित नहीं हो पा रहा, जिससे गांव में पानी की सप्लाई बाधित हो गई है। भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट गहराने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। लोगों को दूर-दराज के स्रोतों से पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार सूचना देने के बावजूद विभागीय अधिकारियों ने समस्या का त्वरित समाधान नहीं किया। गांववासियों ने विद्युत विभाग और प्रशासन से मांग की है कि झूल रहे ट्रांसफॉर्मर को तुरंत सुरक्षित तरीके से हटाया जाए तथा नया या मरम्मत किया हुआ ट्रांसफॉर्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल की जाए। साथ ही पेयजल व्यवस्था को सुचारू करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएं।ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। गांववासियों ने जनहित को देखते हुए तत्काल राहत कार्य शुरू करने की मांग की है।
