उद्घाटन मैच में मेजबान बिरला बालिका विद्यापीठ ने सिंधिया कन्या विद्यालय को 5-1 से हराया; क्रिकेटर हैप्पी खीचर ने किया प्रतियोगिता का उद्घाटन
भीम प्रज्ञा न्यूज.पिलानी। बिरला एजुकेशन ट्रस्ट की अग्रणी शिक्षण संस्था बिरला बालिका विद्यापीठ में अखिल भारतीय आईपीएससी प्री-सुब्रतो कप फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 (अंडर-17 बालिका वर्ग) का भव्य शुभारंभ हुआ। चार दिवसीय इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के प्रतिष्ठित विद्यालयों की पांच टीमें हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन समारोह में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी एवं महिला प्रीमियर लीग में गुजरात जायंट्स की सदस्य हैप्पी खीचर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उद्घाटन मुकाबले में मेजबान बिरला बालिका विद्यापीठ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिंधिया कन्या विद्यालय, ग्वालियर को 5-1 के बड़े अंतर से पराजित किया। टीम की खिलाड़ी पल्लवी पाल ने अपने बेहतरीन रक्षात्मक खेल से विरोधी टीम के कई गोल बचाए, जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। वहीं, दूसरे मैच में विद्यादेवी जिंदल स्कूल, हिसार ने मेयो कॉलेज गर्ल्स स्कूल, अजमेर को 10-0 से हराया। कार्यक्रम की शुरुआत में प्राचार्या अचला वर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि फुटबॉल केवल एक खेल नहीं, बल्कि टीम भावना, अनुशासन और समर्पण का माध्यम है। उन्होंने कहा कि बिरला शिक्षण संस्थान के निदेशक मेजर जनरल एस. एस. नायर (अति विशिष्ट सेवा मेडल) और उप निदेशक (विधि एवं प्रशासन) अजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
छात्रा खेल प्रभारी अंशुल ने मुख्य अतिथि का परिचय कराया, जिसके बाद प्रतिभागी टीमों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। मेजबान टीम की कप्तान दृष्टि बंसल ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना और निष्पक्षता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर विद्यालय बैंड की प्रस्तुति और अंतरराष्ट्रीय पाई दिवस के उपलक्ष्य में छात्राओं द्वारा एक मिनट से कम समय में रूबिक क्यूब हल करने का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा।
मुख्य अतिथि हैप्पी खीचर ने आईपीएससी का ध्वज फहराकर प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की। अपने संबोधन में उन्होंने खिलाड़ियों को लगन, निरंतर मेहनत और खेल भावना के साथ अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया।
