भीम प्रज्ञा न्यूज.पचेरी।
गांव सोहली स्थित स्वामी विवेकानंद लाइब्रेरी में हाल ही में घोषित अग्निवीर भर्ती के अंतिम परिणाम में चयनित अभ्यर्थियों के सम्मान में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। लाइब्रेरी के कुल 7 विद्यार्थियों का भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती में अंतिम चयन होने पर ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। समारोह में गांव के बुजुर्गों, युवाओं एवं गणमान्य नागरिकों ने चयनित विद्यार्थियों का साफा पहनाकर, माल्यार्पण कर एवं शुभकामनाएं देकर सम्मान किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि इन युवाओं की सफलता पूरे गांव और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उनकी मेहनत, लगन, अनुशासन और देश सेवा की भावना अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। ग्रामीणों ने बताया कि स्वामी विवेकानंद लाइब्रेरी में विद्यार्थियों को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा सेना भर्ती की तैयारी के लिए बेहतर माहौल और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है। इसी का परिणाम है कि लाइब्रेरी से जुड़े कई युवा सेना सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं।
लाइब्रेरी सदस्यों ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी। समारोह के दौरान ग्रामीणों ने युवाओं से देश सेवा के साथ-साथ गांव और समाज का नाम रोशन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ चयनित युवाओं का स्वागत किया और उनकी सफलता पर हर्ष व्यक्त किया।
