रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज़.फतेहाबाद।
भारती एजुकेशन एंड डेवलपमेंट सोसायटी द्वारा संचालित भारती पुस्तकालय एवं कंप्यूटर सेंटर के विस्तारित भवन का भव्य उद्घाटन समारोह रविवार को भारती भवन परिसर, बनमंदौरी में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने विस्तारित भवन का शुभारंभ किया और संस्थान द्वारा शिक्षा एवं कौशल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि ग्रामीण युवाओं को तकनीकी ज्ञान, रोजगार उन्मुख प्रशिक्षण और पुस्तकालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाना समाज निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार लोक कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शिक्षा, रोजगार, डिजिटल स्किल्स और ग्रामीण विकास पर विशेष रूप से कार्य कर रही है। हरियाणा सरकार की जन-हितैषी नीतियों के कारण गांव-गांव में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार हो रहा है और युवाओं को अवसरों के नए आयाम प्राप्त हो रहे हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारती एजुकेशन एंड डेवलपमेंट सोसायटी, दिल्ली के अध्यक्ष रिटायर्ड आईपीएस डॉ. दलवीर भारती ने की। उन्होंने बताया कि संस्था का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च स्तरीय शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध करवाना है, ताकि प्रतिभाशाली युवा संसाधनों के अभाव में पीछे न रह जाएं। उन्होंने समाज से शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की अपील भी की। संस्था के सचिव अनिल कुमार भार्गव एवं सह सचिव पंकज कुमार ने उपस्थित जनसमूह का धन्यवाद करते हुए आश्वस्त किया कि पुस्तकालय एवं कंप्यूटर सेंटर को भविष्य में और अधिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। कार्यक्रम में हरकोफेड चेयरमैन वेद फुल्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा, जिला परिषद चेयरमैन सुमन खीचड़, पूर्व चेयरमैन सतबीर सिंह वर्मा, पूर्व चेयरमैन रणधीर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
