बड़बर में आम रास्ते पर जलभराव से बढ़ी परेशानी, कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान
भीम प्रज्ञा न्यूज.बुहाना।
उपखंड क्षेत्र के बड़बर गांव में आम रास्ते पर लंबे समय से गंदे पानी का भराव होने के कारण ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने एक बार फिर पीएचईडी विभाग के जेईएन दीपक को ज्ञापन सौंपा है। पूर्व सरपंच के पुत्र सचिन मिश्रा ने बताया कि बड़बर से ढाणी लक्ष्मण तथा बड़बर से अमरसर जाने वाले मुख्य मार्ग पर काफी समय से गंदा पानी जमा है। जलभराव के कारण राहगीरों, विद्यार्थियों, महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई जगहों पर स्थिति ऐसी है कि लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर पूर्व में भी पीएचईडी विभाग के एईएन को ज्ञापन सौंपा गया था। शिकायत के बाद एईएन स्वयं मौके पर पहुंचे थे और समस्या का निरीक्षण भी किया था, लेकिन इसके बावजूद आज तक कोई ठोस समाधान नहीं हो पाया है। विभागीय अधिकारियों द्वारा आश्वासन तो दिया गया, लेकिन जलभराव की समस्या जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते में गंदा पानी भरा रहने से दुर्गंध फैल रही है तथा मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत कर आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। इस संबंध में पीएचईडी विभाग के जेईएन दीपक को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द जलनिकासी की व्यवस्था करने और आम रास्ते को सुचारू करने की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में सचिन मिश्रा, जोगेन्द्र शर्मा, विकास कुमार सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहें।
