लखनऊ से लौटे दल का विद्यालय में सम्मान; जंबूरी में राजस्थान को मिला पहला स्थान
भीम प्रज्ञा न्यूज़.सूरजगढ़। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 23 नवंबर से 29 नवंबर तक आयोजित 19वीं राष्ट्रीय स्काउट गाइड जंबूरी में राजस्थान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सूरजगढ़ मंडी के चार स्काउट्स सुरेंद्र, विजय, आकाश और लक्की का योगदान सराहनीय रहा। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद इन छात्रों के विद्यालय लौटने पर उनका भव्य स्वागत किया गया।
विद्यालय में आयोजित स्वागत समारोह में भामाशाह गीगराज पथरवावाले, प्रधानाचार्य अशोक कुमार और समस्त विद्यालय स्टाफ ने स्काउट्स को बधाई दी। इस अवसर पर स्काउट प्रभारी महेश कुमार सैनी, उप-प्राचार्य अरविंद कुमार यादव, व्याख्याता पूनम चौधरी, वरिष्ठ अध्यापक वेदप्रकाश, सुरेंद्र सिंह, अध्यापक महताब सिंह सिरोवा, मंजू, स्नेहलता, निर्मला, अनिल कुमार पूनिया, और संजय शर्मा सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना की और उनके राष्ट्रीय स्तर के प्रदर्शन पर गर्व व्यक्त किया।
