-बेटे राहुल पर नशे की लत के कारण हत्या का शक
-सीन आफ क्राइम ब्रांच ने आकर मौके से हर प्रकार के साक्ष्य किये एकत्रित
रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज़.टोहाना। टोहाना शहर की बाबा बूटा बस्ती में एक वृद्ध महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला, मुंह पर तेजधार हथियार से चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतका की बेटी रमिया ने बताया कि उनकी मां कई वर्षों से अपने बेटे राहुल के साथ रह रही थीं। सुबह जब उन्होंने गेट नहीं खोला, तो परिजनों ने मकान की छत के रास्ते नीचे उतरकर देखा, जहां महिला मृत अवस्था में पड़ी मिलीं। पड़ोसियों ने भी सुबह आवाज लगाई और फोन किया।
लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वे पड़ोसी की दीवार के रास्ते घर में दाखिल हुए, जहां मृतका के चेहरे पर तेजधार हथियार से वार के निशान थे। परिजनों ने मृतका के बेटे राहुल पर नशे की लत के कारण हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस आरोप को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर सीन ऑफ क्राइम टीम ने पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। शहर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के बेटे के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उन्हीं के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार, मृतका पिछले पांच वर्षों से बाबा बूटा बस्ती में अपने बेटे राहुल के साथ रह रही थीं। उनके परिवार में एक बेटी रमिया और दो बेटे हैं, जिनमें बड़ा बेटा मंदीप और बेटी रमिया शादीशुदा हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
