सोहनलाल परिहार
भीम प्रज्ञा न्यूज़.बीकानेर। नव नियुक्त जिला कांग्रेस कमेटी बीकानेर(शहर) के अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल और जिला कांग्रेस कमेटी बीकानेर (देहात) के अध्यक्ष श्री बिशनाराम सियाग का खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र में पहुँचने पर ग्रामवासियों द्वारा ज़ोरदार स्वागत किया गया। कांग्रेस के दोनों ज़िला अध्यक्षों (शहर और देहात) का पदभार ग्रहण करने के बाद क्षेत्र में यह पहला दौरा था, जिसे लेकर ग्राम वासियों में काफी उत्साह दिखा। यह भव्य स्वागत खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र के बदरासर और शोभासर ग्रामों में किया गया। इस दौरे का मुख्य आकर्षण ग्राम पंचायत बदरासर के नागरिकों द्वारा दोनों अध्यक्षों को दिया गया विशेष मान-सम्मान था। ग्रामवासियों ने अपने नेताओं के प्रति स्नेह और समर्थन व्यक्त करते हुए उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया। इस अवसर पर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल ने ग्राम वासियों के इस स्नेह और समर्थन के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह स्नेह उन्हें और अधिक समर्पण के साथ जनता की सेवा करने की प्रेरणा देता है।
