भीम प्रज्ञा न्यूज़.सूरजगढ़। भारत-पाक युद्ध 1971 के वीर शहीद कैप्टन जगदेव सिंह पूनिया के 54वें बलिदान दिवस के उपलक्ष्य में ग्राम बनगोठड़ी में आयोजित दो दिवसीय खेल महाकुंभ का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। इस आयोजन में दूर-दराज से आई टीमों ने हिस्सा लिया और शहीद की स्मृति को नमन करते हुए उन्हें सामूहिक श्रद्धांजलि दी। खेल महाकुंभ में वॉलीबॉल के मुकाबले अत्यंत रोमांचक रहे। गुरुवार को हुए पहले सेमीफाइनल में स्टेट बैंक की टीम ने एलपीएन क्लब दिल्ली को हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में राजस्थान पुलिस ने बनगोठड़ी हॉस्टल को पराजित किया। वॉलीबॉल के फाइनल मुकाबले में भारतीय स्टेट बैंक की टीम ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए राजस्थान पुलिस को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। विजेता टीम (स्टेट बैंक) को 51,000 नकद ईनाम एवं 7,000 किराया राशि दी गई, वहीं उपविजेता टीम (राजस्थान पुलिस) को 31,000 नकद ईनाम एवं 7,000 किराया राशि मिली। सेमीफाइनल खेलने वाली चारों टीमों को भी 7,000 का अतिरिक्त किराया प्रदान किया गया। राजस्थान पुलिस के खिलाड़ी अजय शर्मा को प्रतियोगिता का बेस्ट प्लेयर चुना गया।
मुख्य अतिथि ने दी श्रद्धांजलि
समापन समारोह में पूर्व विधायक सुभाष पूनिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। डॉ. राजकुमार कादयान (निदेशक, विद्याश्रम एजुकेशन ग्रुप) और महेश शर्मा (चेयरमैन, आईटीआई कॉलेज लोहारू) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। ग्रामवासियों ने सभी अतिथियों का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर, सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से शहीद कैप्टन जगदेव सिंह पूनिया को श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया। शहीद कैप्टन जगदेव सिंह पूनिया स्मृति खेल कमेटी ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए समस्त ग्रामवासियों, दर्शक गणों और दूर-दराज से आई हुई सभी टीमों का हार्दिक आभार प्रकट किया।
