रमेशचंद्र
भीम प्रज्ञा न्यूज़.,नीमराना।
नीमराना प्रदेश में सड़क हादसों में घायल लोगों की जान बचाने वाले गुड सेमरिटन (जीवन रक्षक) नागरिकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शनिवार को जयपुर में राज्य स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और डिप्टी सीएम प्रेमचंद बेरवा ने प्रदेश भर से चयनित पांच गुड सेमरिटन को सम्मानित किया। इस सम्मान से नीमराना क्षेत्र के बीघाना निवासी नितेश यादव (पुत्र सत्येंद्र यादव) को भी नवाजा गया। नितेश यादव ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए घायल व्यक्ति की समय पर सहायता कर उसकी जान बचाई, जिसके लिए उन्हें मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम द्वारा सम्मानित किया गया। नितेश यादव ने बताया कि करीब 20 दिन पूर्व वे रात्रि लगभग 9 बजे अपनी गाड़ी से माजरी कलां से गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सड़क पर एक घायल व्यक्ति को पड़ा देखा। बिना समय गंवाए नितेश यादव ने घायल को अपनी गाड़ी से नीमराना स्थित सोनी देवी अस्पताल पहुंचाया और तुरंत इलाज करवाया, जिससे घायल व्यक्ति की जान बच सकी। नितेश यादव स्वयं नीमराना की सोनी देवी अस्पताल में मेडिकल के क्षेत्र में कार्यरत हैं। उनकी तत्परता और मानवीय सोच के कारण यह सराहनीय कार्य संभव हो पाया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि ऐसे नागरिक समाज के लिए प्रेरणा हैं। उनके इस कार्य से अन्य लोग भी दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की सहायता के लिए आगे आएंगे। यह सम्मान प्रदेशवासियों के लिए मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का सशक्त संदेश है।
नितेश यादव को पुरस्कार मिलने पर सोनी देवी हॉस्पिटल की निदेशक डॉ. दीपिका यादव, डॉ. सूर्या यादव, डॉ. गजराज यादव, मेडिकल संचालक मनोज यादव एवं सगे संबंधी लोगों ने उनके द्वारा किए गए ने कार्य के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
