भीम प्रज्ञा न्यूज़.लक्ष्मणगढ़। मोहिनी देवी गोयनका महिला महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम और द्वितीय के संयुक्त तत्वावधान में सात दिवसीय विशेष शिविर के उद्घाटन सत्र में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुरूषोतम मिश्रा व्यवस्थापक आदर्श विद्या मंदिर स्कूल ने देश के नवनिर्माण में युवा वर्ग की भूमिका विषय पर अपने विचार अभिव्यक्त किये। युवा वर्ग शिक्षित बन कर सामाजिक सेवा, सुधार, जागरूकता अभियान में सहयोग करें और हमारी प्राचीन संस्कृति एवं परम्पराओं को आत्मसात करने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ हिना अरोड़ा प्राचार्य गोयनका पब्लिक स्कूल ने महिला शिक्षा एवं सुरक्षा पर विचार व्यक्त करते हुए बालिका शिक्षा एवं संस्कार पर विशेष बल देते हुए महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया। कार्यक्रम सत्र की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित करके हुईं। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ अर्चना शर्मा ने राष्ट्रीय सेवा योजना को उच्च शिक्षा कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए व्यक्तित्व निर्माण एवं सामुदायिक सेवा व टीम भावना के लिए प्रेरित किया। इकाई प्रथम की प्रभारी रजनी जोशी ने सात दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की, राष्ट्रीय सेवा योजना का ध्येय गीत गाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया एवं मंच संचालन किया। छात्राओं ने वन्दे मातरम् का सामूहिक गायन किया। मोनिका महला ने पर्यावरण संरक्षण और मनीष पारीक ने कन्या भ्रूण हत्या पर अपने विचार व्यक्त किए। महाविद्यालय की प्रवक्ता डॉ गायत्री ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना पर विचार व्यक्त किए। इकाई द्वितीय की प्रभारी पुष्पा कुमारी ने धन्यवाद दिया ।
