भीम प्रज्ञा न्यूज़.चिड़ावा। चिड़ावा थाना क्षेत्र के गोगाजी की ढाणी, ओजटू मार्ग पर जमीन विवाद को लेकर शनिवार देर रात एक रिटायर्ड फौजी मूलचंद सैनी के खेत में बने मकान पर 100 से अधिक बदमाशों द्वारा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने जेसीबी और ट्रैक्टरों की मदद से मकान को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया और लाखों की नगदी व करीब 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूट ले गए।पीड़ित मूलचंद सैनी ने बताया कि घटना शनिवार रात करीब 2 बजे की है। वह अपनी पत्नी मोहनी देवी के साथ खेत पर बने मकान में रह रहे थे। इसी दौरान हथियारों से लैस बदमाश घर के बाहर पहुंचे और तोड़फोड़ शुरू कर दी। जान बचाने के लिए दंपती को भागना पड़ा। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
जमीन विवाद की पृष्ठभूमि
मूलचंद सैनी ने बताया कि उनकी 11.60 हेक्टेयर जमीन को लेकर पिलानी के एक ठेकेदार मोहन स्वामी से विवाद चल रहा है। इस जमीन को लेकर एग्रीमेंट हुआ था कि इंतकाल चढ़ते ही 11 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर के हिसाब से भुगतान किया जाएगा, लेकिन दूसरी पार्टी पूरी जमीन हड़पना चाहती है। इस संबंध में राजस्थान हाईकोर्ट में मामला विचाराधीन है। मूलचंद ने घटना के पीछे इसी विवाद को कारण बताते हुए मोहन स्वामी पर संदेह जताया है।
पुलिस जांच में जुटी
चिड़ावा थानाधिकारी सीआई आशाराम गुर्जर ने बताया कि रिटायर्ड फौजी मूलचंद सैनी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल का मौका मुआयना किया गया है और बदमाशों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। घटना के दौरान परिवारजनों ने दो संदिग्धों को पकड़ लिया था, जिनसे पूछताछ जारी है।पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
