माखर पंचायत में ग्रामीण क्रिकेट का जुनून चरम पर, विधायक ने लिया खिलाड़ियों से परिचय
भीम प्रज्ञा न्यूज़.झुंझुनूं।
जिले के रतनशहर में रतनशहर यूथ क्लब के तत्वावधान में आयोजित विधायक कप रतनशहर–माखर 2025 एकल ग्रामीण क्रिकेट प्रतियोगिता अपने पूरे शबाब पर है। 7 दिसंबर से प्रारंभ हुई 24 दिवसीय इस प्रतियोगिता के आठवें दिन झुंझुनू विधायक श्री राजेन्द्र भाम्बू मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों की हौसला-अफजाई करते नजर आए।विधायक भाम्बू ने सबसे पहले अलसीसर व जवाहरपुरा की टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और मैदान पर खेलते हुए अपने बचपन के खेल दिनों की यादें ताजा कीं। इस दौरान पूरे खेल परिसर में जोश, उत्साह और ग्रामीण क्रिकेट का जबरदस्त माहौल देखने को मिला। खिलाड़ियों एवं उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक राजेन्द्र भाम्बू ने कहा कि खेल अनुशासन, ईमानदारी और टीम भावना का सबसे बड़ा माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि प्राचीन समय में खेल समय व्यतीत करने का सर्वोत्तम साधन हुआ करते थे, वहीं आज तकनीक के विस्तार के साथ खेलों में भी व्यापक बदलाव आया है। अब ग्रामीण स्तर पर खेले जा रहे मैचों का भी लाइव प्रसारण संभव हो गया है, जिससे लोग घर बैठे खेल का आनंद ले पा रहे हैं। विधायक ने इस सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से गांवों में आपसी भाईचारा, सामाजिक समरसता और सामूहिक सहभागिता को बल मिलता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता माली सैनी समाज संस्था झुंझुनूं के जिलाध्यक्ष महेन्द्र शास्त्री ने की। उन्होंने खिलाड़ियों से मन लगाकर खेलने के साथ-साथ नशे की लत से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा एक खिलाड़ी के पूरे करियर को बर्बाद कर सकता है, इसलिए इससे दूर रहना ही सफलता की कुंजी है।
इस अवसर पर विधायक राजेन्द्र भाम्बू ने खेल मैदान में इंडोर प्रैक्टिस कारिडोर का फीता काटकर शुभारंभ भी किया, जहां खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर सकेंगे। मंच पर उपस्थित अतिथियों में प्रो. हितेश सैनी, पूर्व वार्ड पंच प्रतापराम सैनी (रतनशहर), पूर्व पंचायत समिति सदस्य जगदेव पूनिया, डॉ. सुरेन्द्र सैनी एवं जगदीश सैनी (रतनशहर) शामिल रहे। आयोजन समिति की ओर से विक्रम सैनी रतन शहर, वरिष्ठ अध्यापक दलीप कुमार सैनी इस्लामपुर,सौरभ योगी इस्लामपुर एवं सुमेर सैनी ने बताया कि 24 दिवसीय इस प्रतियोगिता का समापन 31 दिसंबर 2025 को होगा। इस दौरान रामेश्वर सिरोवा, सुभाष सैनी, वरिष्ठ अध्यापक संदीप सैनी, सुरेन्द्र सैनी एवीएनल, पंकज शर्मा, प्रवीण सैनी, जसवंत वर्मा, सुभाष एलआईसी,कपिल, सज्जन, रघुवीर सहित बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी उपस्थित रहें।
