चिड़ावा के डॉ. विकास कुमार के नेतृत्व में हुई जांच; बीपी और शुगर की जांच का मिला फायदा
भीम प्रज्ञा न्यूज़.बुहाना। भिर्र गाँव में रविवार को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में करीब 50 से 60 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ परामर्श का लाभ उठाया। राजीव अस्पताल, चिड़ावा के फिजिशियन डॉ. विकास कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर के दौरान लाभार्थियों ने डॉक्टर की सलाह, ब्लड प्रेशर (बीपी), शुगर (मधुमेह) और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांचें करवाईं। यह स्वास्थ्य शिविर दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हुआ, जिन्हें विशेषज्ञ डॉक्टर से परामर्श लेने के लिए शहर तक जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की और बताया कि ऐसे निःशुल्क शिविर उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और समय पर इलाज करवाने में मदद करते हैं। डॉ. विकास कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य जांच के दौरान कई लोगों में शुरुआती स्टेज की स्वास्थ्य समस्याएं पाई गईं, जिन्हें समय पर दवाइयाँ और उचित जीवनशैली अपनाने की सलाह दी गई।
