-एसआरडी पब्लिक स्कूल, इंदाछोई के 9वें वार्षिक समारोह में सांसद बराला ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की
रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज़.टोहाना।
एसआरडी पब्लिक स्कूल, इंदाछोई में रविवार को विद्यालय का 9वां वार्षिक समारोह बड़े ही हर्षोल्लास, गरिमा और उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। इस आयोजन में राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय के नन्हे-मुन्ने एवं वरिष्ठ विद्यार्थियों द्वारा एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत, समूह गान, लघु नाटिकाओं एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, सामाजिक मूल्यों, पर्यावरण संरक्षण और नैतिक शिक्षा का सुंदर संदेश दिया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने विद्यार्थियों द्वारा आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। प्रदर्शनी में विज्ञान, तकनीक, पर्यावरण, ऊर्जा संरक्षण, स्वास्थ्य एवं दैनिक जीवन से जुड़े विषयों पर आधारित विभिन्न मॉडलों और प्रयोगों को प्रदर्शित किया गया। यह प्रदर्शनी अत्यंत ज्ञानवर्धक, रचनात्मक एवं नवाचार से परिपूर्ण रही, जिसमें बच्चों की वैज्ञानिक सोच, कल्पनाशीलता और शोध प्रवृत्ति प्रभावशाली रूप से सामने आई। सांसद ने प्रत्येक स्टॉल पर जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनके प्रयासों की सराहना की।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद सुभाष बराला ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में शिक्षा के साथ-साथ बच्चों का सर्वांगीण विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के वार्षिक समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विज्ञान प्रदर्शनी बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक सोच को विकसित करते हैं। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।राज्यसभा सांसद ने विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षकगण, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को इस सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों और अनुशासन की भी सराहना की तथा विद्यालय के निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर रहने की कामना की।
