-धुंध में दुर्घटनाओं से बचाव को लेकर आरटीए कार्यालय का विशेष अभियान
रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज़.फतेहाबाद। सडक़ सुरक्षा एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत वीरवार को शहर फतेहाबाद में आरटीए कार्यालय द्वारा एक विशेष जागरूकता एवं सुरक्षा अभियान चलाया गया। इस अभियान की अध्यक्षता आरटीए सचिव संजय बिश्नोई ने की।अभियान के दौरान सडक़ दुर्घटनाओं की रोकथाम और विशेषकर धुंध के मौसम में वाहन चालकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई। अभियान में सहायक सचिव रिशिपाल, परिवहन निरीक्षक विकास ठकराल, उप-परिवहन निरीक्षक शिल्पा सहित अन्य टीम सदस्यों ने भूना चौक, अनाज मंडी, बस स्टैंड व जिले के अन्य प्रमुख स्थानों पर ट्रैक्टर-ट्रॉली, ई-रिक्शा, ऑटो-रिक्शा सहित विभिन्न वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाए। इस अवसर पर वाहन चालकों को रिफ्लेक्टिव टेप के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। उन्हें समझाया गया कि धुंध व कम दृश्यता के समय यह टेप दूर से ही वाहनों की पहचान कराने में सहायक होती है, जिससे सामने से आने वाले वाहन चालक सतर्क हो जाते हैं और दुर्घटनाओं की संभावना कम होती है। आरटीए अधिकारियों ने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन कर सडक़ सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की।
