भीम प्रज्ञा न्यूज़ झुंझुनूं।
जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने शुक्रवार को 10 दिवसीय निःशुल्क क्षार सूत्र शल्य चिकित्सा शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में भर्ती रोगियों से मिलकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा उपचार, ऑपरेशन, दवाइयों की उपलब्धता, भोजन व्यवस्था एवं स्टाफ के व्यवहार से संबंधित व्यवस्थाओं के बारे में प्रश्न किए।निरीक्षण के दौरान रोगियों द्वारा शिविर की व्यवस्थाओं एवं उपचार की सराहना किए जाने पर जिला कलेक्टर ने आयुर्वेद विभाग की टीम को धन्यवाद दिया। उन्होंने एन आर डी डी अस्पताल के निदेशक डॉ. संदीप ढूकिया द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को जनहित में एक बेहतरीन सामाजिक सेवा बताया। जिला कलेक्टर डॉ. गर्ग ने पंचकर्म वार्ड, अग्निकर्म एवं विधकर्म ओपीडी का भी निरीक्षण किया और वहां कार्यरत चिकित्सकों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर डॉ. जितेंद्र स्वामी उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग, डॉ. संदीप ढूकिया निदेशक एन आर डी डी अस्पताल, शिविर प्रभारी डॉ. महेश शर्मा, सर्जन डॉ. सुनील कनोड़िया, डॉ. अंजना माथुर सहित संबंधित वार्ड प्रभारी उपस्थित रहें।निरीक्षण के अंत में जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग को निर्देशित किया कि झुंझुनूं जिले में क्षार सूत्र शल्य चिकित्सा का एक स्थाई केंद्र स्थापित करने हेतु राज्य सरकार को प्रस्ताव प्रेषित किया जाए।
