भीम प्रज्ञा न्यूज़.चिड़ावा।
शहर में संचालित सरला पाठशाला में सोमवार को रक्षिता सेवा संस्थान बलौदा द्वारा प्रकाशित न्यू ईयर–2026 का वार्षिक कैलेंडर विधिवत रूप से विमोचित किया गया। कार्यक्रम में स्व. रक्षिता के पिता दारा सिंह (विकास अधिकारी), माता कुसुम, पाठशाला की संचालिका अनीता पुनिया, विकास पुनिया, विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहें। कैलेंडर का विमोचन दारा सिंह, अनीता पुनिया, विकास पुनिया, पाठशाला स्टाफ एवं विद्यार्थियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर रक्षिता सेवा संस्थान की ओर से विद्यार्थियों, स्टाफगण एवं आमजन के लिए विशेष भोज की व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम में दारा सिंह, विकास अधिकारी ने आश्वासन दिया कि सरला पाठशाला में अध्ययनरत झुग्गी-झोपड़ी व घुमंतू परिवारों के बच्चों को दी जा रही निःशुल्क शिक्षा एवं उनके भोजन व्यवस्था के लिए यदि किसी भी प्रकार के सहयोग की आवश्यकता होगी, तो रक्षिता सेवा संस्थान की ओर से हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
पाठशाला संचालिका अनीता पुनिया ने स्व. रक्षिता के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके सेवा, संवेदना और सामाजिक सरोकारों को प्रेरणादायी बताया। वहीं विकास अधिकारी दारा सिंह ने जानकारी दी कि स्व. रक्षिता के जन्मदिवस एवं पुण्यतिथि पर प्रतिवर्ष विशेष सामाजिक एवं जनहित के कार्य किए जाते हैं, जिनमें रक्तदान शिविर, मेडिकल कैंप, वृक्षारोपण, विद्यालयों में मां सरस्वती मंदिर निर्माण, गरीब बेटियों के विवाह में सहायता जैसे कार्य शामिल हैं। कार्यक्रम के अंत में विकास अधिकारी दारा सिंह ने विद्यालय संचालिका, स्टाफ एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए इस पुनीत कार्य के लिए सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया।
