भीम प्रज्ञा न्यूज़.खेतड़ी। शीत ऋतु के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए रामकृष्ण मिशन विवेकानंद स्मृति मंदिर खेतड़ी द्वारा सामाजिक सरोकार के तहत विद्यार्थियों के लिए एक सराहनीय सेवा कार्य किया गया। मिशन की ओर से स्थानीय विद्यालयों में अध्ययनरत जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क गर्म स्वेटर वितरित किए गए, ताकि कड़ाके की ठंड में उन्हें राहत मिल सके और वे बिना किसी शारीरिक परेशानी के अपना अध्ययन जारी रख सकें। इस सेवा कार्य के अंतर्गत राजकीय सेठ प्रभुदयाल उच्च माध्यमिक विद्यालय टीबा बसई में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहाँ कक्षा 1 से 12 तक के कुल 123 विद्यार्थियों को स्वेटर प्रदान किए गए। स्वेटर पाकर नन्हे-मुन्ने बच्चों और विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से दमक उठे। विद्यालय प्रशासन और शिक्षकों ने रामकृष्ण मिशन के इस मानवीय दृष्टिकोण की मुक्त कंठ से सराहना की। विद्यालय के प्रधानाचार्य और उपस्थित ग्रामीणों ने कहा कि मिशन द्वारा समय-समय पर किए जाने वाले ऐसे कार्य समाज के वंचित वर्ग के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने अपने संबोधन में रामकृष्ण मिशन द्वारा किए जा रहे विभिन्न सेवा कार्यों को प्रेरणादायक बताया। विद्यालय प्रशासन ने मिशन का आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह सहयोग विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य अणु सैनी, शिक्षक धरमपाल और अन्य शिक्षकगण मौजूद रहे। साथ ही जमालपुर सरपंच राम सिंह, पूर्व सरपंच खलीराम, स्वामी सुभगानंद तथा मिशन के समर्पित स्वयंसेवक प्रवीण, विरेण और रामू ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने इस पहल को समाज के लिए एक बेहतरीन उदाहरण करार दिया।
