भीम प्रज्ञा न्यूज़.चिड़ावा। नर सेवा ही नारायण सेवा के संकल्प के साथ लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट द्वारा चलाए जा रहे सेवा प्रकल्प के तहत मंगलवार को एक और मानवीय पहल की गई। विद्या निकेतन स्कूल के पास स्थित सुथार बस्ती में कड़ाके की ठंड को देखते हुए जरूरतमंद परिवारों को 34 कंबलों का वितरण किया गया। नगर पालिका के वरिष्ठ पार्षद राजेंद्र पाल सिंह कोच के सुझाव पर ट्रस्ट ने सुथार बस्ती में राहत पहुंचाने का निर्णय लिया। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रभारी राधेश्याम शर्मा सुखाड़िया के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर पार्षद कोच, तहसील प्रभारी रजनीकांत मिश्रा और युवा नेता रवि सोनी ने बस्ती के लोगों को कंबल ओढ़ाकर उन्हें सर्दी से राहत दिलाई। तहसील प्रभारी रजनीकांत मिश्रा ने उपस्थित जनसमूह को ट्रस्ट का ध्येय गीत सुनाया और उसका महत्व समझाया। उन्होंने जानकारी दी कि ट्रस्ट द्वारा चिड़ावा में अब तक पांच चरणों में अलग-अलग बस्तियों में जाकर लगभग 160 कंबल वितरित किए जा चुके हैं।
वरिष्ठ पार्षद राजेंद्र पाल सिंह कोच ने ट्रस्ट के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट अपने नाम के अनुरूप ही कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले छह वर्षों से ट्रस्ट गरीबों को भोजन, गर्म कपड़े, और दिव्यांगों को बस-रेल पास सहित सरकारी सहायता दिलाने के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला व तहसील प्रभारी ने उपस्थित अतिथियों का ट्रस्ट का दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया। इस दौरान सुखाड़िया ने ट्रस्ट द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
