-2036 ओलंपिक की तैयारी में सांसद खेल महोत्सव बनेगा मजबूत मंच
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 दिसंबर को गांव समैन में समापन समारोह में ऑनलाइन करेंगे संबोधित
रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज़.टोहाना। राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में शुरू किया गया सांसद खेल महोत्सव युवाओं के लिए एक नई दिशा और नया भविष्य गढ़ने का माध्यम बन रहा है। यह आयोजन खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के साथ-साथ युवाओं को नशे व ऑनलाइन गेम्स जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी अहम भूमिका निभा रहा है। मंगलवार को किसान विश्राम गृह, टोहाना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद बराला ने कहा कि भारत वर्ष 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी की दिशा में अग्रसर है और सांसद खेल महोत्सव जैसे आयोजन भावी ओलंपिक खिलाड़ियों को तैयार करने की मजबूत नींव रख रहे हैं। 25 दिसंबर को अटल जयंती पर होगा सांसद खेल महोत्सव का भव्य समापन पीएम मोदी करेंगे।
*प्रधानमंत्री खिलाड़ियों को ऑनलाइन करेंगे संबोधित*
राज्यसभा सांसद ने बताया कि सांसद खेल महोत्सव का विधिवत समापन 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस के अवसर पर गांव समैन के खेल मैदान में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खिलाड़ियों को ऑनलाइन माध्यम से संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त से सांसद खेल महोत्सव के लिए पंजीकरण शुरू किया गया था, जिसमें सिरसा लोकसभा क्षेत्र के करीब 45 हजार युवाओं ने विभिन्न खेलों के लिए पंजीकरण करवाया।
*दमकौरा स्टेडियम से हुई शुरुआत, 30 स्टेडियमों तक पहुंचा खेल महोत्सव:*
सांसद बराला ने बताया कि सिरसा लोकसभा क्षेत्र के खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत 21 सितंबर को टोहाना के दमकौरा स्टेडियम से हुई, जहां भाजपा प्रदेश प्रभारी श्री सतीश पूनिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके बाद ब्लॉक, विधानसभा और लोकसभा स्तर पर चरणबद्ध ढंग से प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
रतिया में पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, नरवाना में कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, कालांवाली में डिप्टी स्पीकर कृष्ण लाल मिढ़ा, सिरसा में कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने स्वयं भी 7 विधानसभाओं के खेलों में पहुंचकर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया।
*लोकसभा स्तरीय ग्रैंड फिनाले में 3604 खिलाड़ी हुए शामिल:*
विधानसभा स्तर की प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाड़ी 13 दिसंबर को एमएम कॉलेज फतेहाबाद के मैदान में आयोजित लोकसभा स्तरीय ग्रैंड फिनाले में शामिल हुए। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। लोकसभा स्तर पर विभिन्न खेलों में कुल 3604 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
*कबड्डी से बॉक्सिंग तक, 1500 से अधिक प्रतियोगिताओं का आयोजन*
सांसद ने बताया कि सिरसा लोकसभा क्षेत्र की नौ विधानसभा क्षेत्रों में करीब 1500 खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें कबड्डी, फुटबॉल, खो-खो, हैंडबॉल, वॉलीबॉल, बॉक्सिंग तथा एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाएं शामिल रहीं।
*खेल सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता, सांसद निधि से दी गई ग्रांट, दमकौरा स्टेडियम बनेगा खेलो इंडिया सेंटर*
राज्यसभा सांसद ने कहा कि सिरसा लोकसभा क्षेत्र के 30 स्टेडियमों में खेल महोत्सव का आयोजन किया गया और खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए सांसद निधि से ग्रांट भी दी गई है। दमकौरा स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक सहित सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जहां अन्य राज्यों के खिलाड़ी भी अभ्यास कर रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि जिला फतेहाबाद में खेलो इंडिया सेंटर को भी सरकार द्वारा मंजूरी दी गई है और दमकौरा स्टेडियम में सभी आवश्यक सुविधाएं होने के कारण यही सेंटर स्थापित किया जाएगा।
*खेलोगे तो भी बनोगे नवाब” को साकार कर रहे हरियाणा के युवा:*
सांसद बराला ने कहा कि हरियाणा के युवाओं ने खेलों में देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि आज युवा “खेलोगे तो भी बनोगे नवाब” की कहावत को साकार कर रहे हैं। खिलाड़ी को सरकार जहाँ नगद पुरस्कार देकर सम्मानित कर रही हैं वही उनके भविष्य को भी सुरक्षित करने के लिए ग्रेडेशन के आधार पर सरकारी नौकरियाँ दे रही हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से नशे और ऑनलाइन गेम्स से दूर रहकर खेल भावना से खेलने की अपील की।
उन्होंने खिलाड़ियों से नशे और ऑनलाइन गेम्स से दूरी बनाकर खेल भावना से खेलने का आह्वान किया तथा नागरिकों से अपील की कि वे युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए उन्हें खेलों की ओर प्रेरित करें।
*लोकसभा स्तर पर 71 हजार तक का पुरस्कार, खिलाड़ियों को किया सम्मानित:*
उन्होंने बताया कि सांसद खेल महोत्सव के तहत आयोजित खेल में लोकसभा स्तर पर विजेता टीम को 71 हजार रुपये तथा उपविजेता टीम को 41 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया है । बॉक्सिंग और एथलेटिक्स में विजेता खिलाड़ियों को प्रथम पुरस्कार 11 हजार, द्वितीय को 7100 और तृतीय को 3100 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया है। सांसद ने बताया कि युवाओं का उत्साह बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर “मेडल ल्यावांगे” गीत भी लॉन्च किया गया है। इस अवसर पर रमन मड़िया, जगमेल कटारिया, जयदीप बराला, अनीता मेहता, चन्दुलाल सोनी सहित अनेक पदाधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहें।
