भीम प्रज्ञा न्यूज़.पचेरी। पुलिस थाना पचेरी कलां क्षेत्र में मारपीट, अपहरण, तोड़फोड़ तथा दुकान में आग लगाने की गंभीर घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने 3 महिलाओं सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थानाधिकारी बनवारी लाल यादव के नेतृत्व में की गई।परिवादी सुंदर पुत्र अमर सिंह जाति अहीर निवासी सोहली ने 14 अक्टूबर 2025 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार उसकी पेंचर व सर्विस स्टेशन की दुकान गांव से दुलोठ की ओर मैर सड़क पर स्थित है। घटना के दिन वह अपने चाचा और अन्य कर्मचारियों के साथ दुकान पर कार्य कर रहा था। शाम के समय उसकी माता संतोष देवी, नीतू देवी, मंजू देवी (भाभी) तथा भाई सुमेर सिंह दुकान पर पहुंचे। इसी दौरान टिंकू, मोनू, धर्मेन्द्र, आशीष, धन्ना सहित अन्य लोगों ने एकराय होकर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ की। जान बचाने के लिए पीड़ित पक्ष ने दुकान का शटर बंद किया, लेकिन आरोपियों ने शटर व दरवाजा तोड़कर मारपीट की, बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों को क्षतिग्रस्त किया तथा नीतू देवी का अपहरण कर लिया। जाते समय आरोपियों ने दुकान में आग भी लगा दी। इस पर प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी बनवारी लाल के निर्देशन में गहन अनुसंधान किया गया। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए और गवाहों से पूछताछ की गई। आरोपियों को दस्तयाब कर पूछताछ करने पर उन्होंने जुर्म स्वीकार किया, जिसके बाद कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मामले में अनुसंधान जारी है। गिरफ्तार आरोपियों में कृष्णा देवी पत्नी विजयपाल उम्र 50 वर्ष, मुकेश देवी उर्फ निशा पत्नी लालचंद उम्र 40 वर्ष, सुमन पत्नी सुरताराम उम्र 30 वर्ष, सुरताराम पुत्र फूलचंद उम्र 50 वर्ष, विजयपाल पुत्र फूलचंद उम्र 70 वर्ष, धर्मेन्द्र पुत्र बहादूर सिंह उम्र 33 वर्ष, सतीश उर्फ टिंकू पुत्र लालचंद उम्र 19 वर्ष, राजेन्द्र पुत्र स्व. चंदगीराम उम्र 45 वर्ष तथा अनिल उर्फ धन्ना पुत्र धर्मपाल उम्र 33 वर्ष सभी निवासी सोहली शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।
