भीम प्रज्ञा न्यूज़.सिंघाना।
शुक्रवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर पुस्तकालय, हीरवा में विकास अधिकारी दारा सिंह द्वारा उनकी पुत्री की पावन स्मृति में संचालित रक्षिता सेवा संस्थान, बलोदा के वार्षिक कैलेंडर का विमोचन किया गया। कार्यक्रम सादगीपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर संस्थान के संस्थापक दारा सिंह ने पुस्तकालय में अध्ययनरत बच्चों से संवाद करते हुए शिक्षा, अनुशासन और आत्मविश्वास के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने अपने प्रेरणादायक विचारों के माध्यम से बच्चों को लक्ष्य निर्धारण, निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सामाजिक समरसता और शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शाते हुए डॉ भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा स्थापना हेतु 11 हजार रुपए की राशि का सहयोग प्रदान किया। इससे पूर्व भी उनके द्वारा पुस्तकालय के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें उपलब्ध कराई जा चुकी हैं, जिससे विद्यार्थियों को अध्ययन में लाभ मिल रहा है। डॉ. अंबेडकर यूथ क्लब हीरवा की ओर से दारा सिंह के इस सहयोग और प्रेरणादायक योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने इसे शिक्षा और सामाजिक चेतना की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।
