भीम प्रज्ञा न्यूज़.चिड़ावा। जीवनी इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित चार दिवसीय खेल प्रतिस्पर्धा ‘खेलो जीवनी’ का शनिवार को हर्षोल्लास के साथ समापन हुआ। समारोह की अध्यक्षता जीवनी ग्रुप के चेयरपर्सन सांवरमल मील, सचिव भगवती मील और निदेशक रितेश मील ने की। शैक्षणिक कार्यवाहक सुनील वर्मा ने बताया कि अंतिम दिन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच विभिन्न खेल स्पर्धाएं हुईं। सीनियर वर्ग में 100 से 800 मीटर रेस, वॉलीबॉल, कबड्डी और खो-खो के मुकाबले हुए, वहीं जूनियर वर्ग में फ्रॉग रेस और जलेबी रेस आकर्षण का केंद्र रही। अभिभावकों के लिए आयोजित म्यूजिकल चेयर और लेमन रेस ने कार्यक्रम में उत्साह भर दिया। चारों सदनों (वायु, जल, पृथ्वी, अग्नि) के बीच कड़ी टक्कर में ‘अग्नि हाउस’ ने खिताबी जीत दर्ज की। सांवरमल मील ने विजेता हाउस मास्टर पृथ्वी सिंह, सरोज सैनी और विद्यार्थियों को ट्रॉफी सौंपी। विशिष्ट अतिथि भगवती मील ने मेडल व प्रमाण-पत्र बांटे। निदेशक रितेश मील ने खेल भावना से आगे बढ़ने का संदेश दिया। खेलों का आयोजन शारीरिक शिक्षक अंकित गजराज के मार्गदर्शन में हुआ। इस दौरान पूनम कोकचा, शिखा, मृणाली भारद्वाज सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ और खेल प्रशिक्षक मौजूद रहें।
