भीम प्रज्ञा न्यूज.झुंझुनूं। तहसील मंडावा में संचालित जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत तीसरे बैच के प्रशिक्षण सत्र का शुक्रवार को जिला उप जनगणना अधिकारी पूनम कटेवा, जनगणना समन्वयक सुभाष यादव तथा तहसीलदार डॉ. सुरेंद्र भास्कर ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्रशिक्षण केंद्र पहुंचकर कार्मिकों की उपस्थिति का अवलोकन किया तथा प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों को जनगणना कार्य की महत्ता, पारदर्शिता एवं सटीकता के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही उपस्थित सभी कार्मिकों की स्वगणना भी करवाई गई तथा उन्हें अपने-अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक परिवारों को स्वगणना के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि स्वगणना प्रक्रिया से आमजन की भागीदारी बढ़ेगी तथा जनगणना कार्य अधिक सरल, तेज एवं प्रभावी ढंग से सम्पन्न हो सकेगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कार्मिकों को जनगणना कार्य से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं, ऑनलाइन एवं ऑफलाइन डेटा संग्रहण, मोबाइल एप्लीकेशन के उपयोग, परिवार विवरण दर्ज करने की विधि तथा आंकड़ों की शुद्धता बनाए रखने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही व्यवहारिक अभ्यास भी करवाया जा रहा है, ताकि फील्ड में जाकर कार्मिक सुचारू रूप से कार्य संपादित कर सकें।
अधिकारियों ने बताया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को पूर्णतः व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित तरीके से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से प्रत्येक बैच को तीन दिवसीय विस्तृत प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्मिकों को हर पहलू की जानकारी देकर दक्ष बनाया जा रहा है, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।गौरतलब है कि तहसील मंडावा में जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ 1 मई से किया गया था। इसके तहत विभिन्न बैचों में पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है तथा कार्यक्रम निर्धारित समयानुसार लगातार संचालित किया जा रहा है।
