भीम प्रज्ञा न्यूज.चिड़ावा।
डालमिया विद्या मंदिर में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘एक मिनट भाषण’ प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 9 एवं 11वीं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी वाक्-कला, आत्मविश्वास और रचनात्मकता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
्प्रतियोगिता का विषय “यदि मैं… होता/होती, तो…” रखा गया, जिस पर विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और विचारों को मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। प्रत्येक प्रतिभागी को दो मिनट का समय दिया गया, जिसमें उन्होंने बिना रुके अपने विचार व्यक्त किए। निर्णायकों ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन विषय-वस्तु, विचारों की निरंतरता, आत्मविश्वास एवं अभिव्यक्ति शैली के आधार पर किया। विद्यालय के प्राचार्य शक्ति सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि प्रभावी संवाद कौशल भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका नमिता चौधरी ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मंच पर निर्भीक होकर अपने विचार रखने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के परिणामों में कक्षा 6 से हृद्या (6सी) एवं परीक्षित (6ए) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा 7 में भाव्या (7बी) एवं लक्ष्य यादव (7सी) प्रथम रहे। कक्षा 8 से इशिका (8ए) ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं कक्षा 9 में लक्ष्य (9बी) एवं हिमांशु (9ए) प्रथम स्थान पर रहे। कक्षा 11 से कनक कुल्हार (11ए) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को उनके प्रयासों के लिए प्रोत्साहित किया गया। विद्यालय परिवार ने इसे शैक्षिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
