भीम प्रज्ञा न्यूज.निजामपुर।
विद्या भारती पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने डी.आई.ई.टी. महेंद्रगढ़ में आयोजित जिला स्तरीय योग ओलंपियाड प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। विभिन्न आयु वर्गों में विद्यार्थियों ने शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह बनाई। प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्रा सोनम, पुत्री मनोज, कक्षा 9, निवासी गांव निजामपुर ने स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। वहीं कक्षा 10 के छात्र लोकेश यादव, पुत्र सत्येंद्र यादव, निवासी गांव बशीरपुर ने रजत पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके अलावा विद्यालय की छात्रा पायल, पुत्री अभय सिंह, कक्षा 8, निवासी गांव निजामपुर ने ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में रजत पदक प्राप्त किया था। इन सभी विद्यार्थियों का अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान संस्था के चेयरमैन राजकुमार यादव तथा वाइस चेयरपर्सन डॉ. उषा यादव ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर चेयरमैन राजकुमार यादव ने कहा कि योग केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि बच्चों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। साथ ही उन्होंने योग प्रशिक्षक पुष्पा के अथक परिश्रम और समर्पण की भी सराहना की। विद्यालय के प्राचार्य अजीत सिंह ने कहा कि निरंतर अभ्यास, आत्मविश्वास और एकाग्रता के बल पर ही विद्यार्थी सफलता हासिल कर पाए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय के विद्यार्थी राज्य स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। कार्यक्रम में संस्था के प्रबंध निदेशक पीयूष यादव, निदेशक डॉ. रविन्द्र यादव, वाइस प्रिंसिपल प्रवीण कुमार शर्मा, किड्स ब्लॉक इंचार्ज विजय सोनी, कोऑर्डिनेटर रितु शर्मा, धर्मवीर, भावेश गोयल सहित विद्यालय स्टाफ, विद्यार्थी एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
