नीट परीक्षा सुसाइड दुखांतिक परिवार से राष्ट्रीय प्रतिपक्ष नेता राहुल गांधी से बात करवाते हुए एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़
“दोषियों पर कार्रवाई तक नहीं करेंगे अस्थि विसर्जन” — परिजनों का ऐलान
एनएसयूआई राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा — युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
भीम प्रज्ञा न्यूज़ गुढ़ागौड़जी (झुंझुनूं)
नीट-यूजी परीक्षा रद्द होने के बाद मानसिक तनाव में आए छात्र की आत्महत्या के मामले ने अब राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक और सामाजिक बहस को जन्म दे दिया है। इस दर्दनाक घटना के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मृतक छात्र के परिजनों से फोन पर बातचीत कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। नीट पेपर लीक के कारण डिप्रेशन में आकर सुसाइड करने वाले कनिका की ढाणी तन गुढ़ा बावनी निवासी छात्र प्रदीप माहिच के पिता राजेश माहिच से कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने फोन पर बात कर न केवल ढाढ़स बंधाया, बल्कि वादा किया कि वे इस आवाज को सड़क से संसद तक उठाएंगे। इस संवाद का जरिया बने एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़। वे शुक्रवार की रात पीड़ित परिवार के बीच कनिका की ढाणी पहुंचे और उन्होंने सीधे राहुल गांधी से परिजनों की बात कराई।
परिवार ने राहुल गांधी से बातचीत के दौरान साफ शब्दों में कहा कि जब तक पेपर लीक और परीक्षा घोटाले के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक वे अपने बेटे की अस्थियों का विसर्जन नहीं करेंगे। परिवार का कहना है कि छात्र लंबे समय से नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था और इस बार चयन को लेकर बेहद आश्वस्त था, लेकिन परीक्षा रद्द होने और पेपर लीक की खबरों ने उसे मानसिक रूप से तोड़ दिया।
राहुल गांधी ने इस घटना को “व्यवस्था की गंभीर विफलता” बताते हुए कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षा घोटालों ने देश के युवाओं के सपनों को गहरा आघात पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले विद्यार्थियों का भविष्य असुरक्षित होना बेहद चिंताजनक है और इस मामले में दोषियों को हर हाल में सजा मिलनी चाहिए।
इधर मामले को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों, छात्र संगठनों और सामाजिक संगठनों में भी भारी रोष देखा जा रहा है। अभिभावकों और विद्यार्थियों ने परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार से निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की है।
युवाओं के संघर्ष की आवाज बने विनोद जाखड़
एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने इस प्रकरण को देश के युवाओं की भावनाओं से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए कहा कि पेपर लीक माफिया और भ्रष्ट व्यवस्था के कारण लाखों विद्यार्थियों का भविष्य दांव पर लग गया है। उन्होंने कहा कि मेहनतकश छात्रों की आत्महत्या केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि पूरे शिक्षा तंत्र के लिए चेतावनी है।
विनोद जाखड़ ने कहा कि छात्र केवल परीक्षा नहीं हार रहे, बल्कि व्यवस्था पर से विश्वास खोते जा रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई कर परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित और पारदर्शी बनाया जाए, ताकि भविष्य में किसी विद्यार्थी को ऐसी परिस्थिति का सामना न करना पड़े।
