पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, सड़क पर कांटेदार झाड़ियां डालकर लगाया जाम
भीम प्रज्ञा न्यूज.पचेरी।
पचेरी कलां में शनिवार को पेयजल संकट से परेशान ग्रामीणों ने पचेरी से सहड़ जाने वाली सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। कुम्हारों के मोहल्ले के लोगों ने प्रशासन और जलदाय विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द समाधान की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि मोहल्ले की करीब 100 घरों की आबादी पिछले तीन साल से लगातार पानी की समस्या से जूझ रही है। कई बार अधिकारियों को शिकायत देने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया। भीषण गर्मी में पानी की किल्लत के कारण लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। पेयजल की समस्या के चलते कुछ लोग टैंकर डलवा लेते है, जबकि आर्थिक रूप से कमजोर लोग टैंकर डलवाने में असमर्थ होने के कारण उन्हें पानी के लिए चक्कर काटने पड़ते हैं।
इसके चलते उन्हें भीषण गर्मी में पानी के लिए आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। पेयजल की आपूर्ति को लेकर अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन पेयजल की समस्या का कोई समाधान नहीं होने पर मजबूरन उन्हें सड़क पर आना पड़ा है। इस दौरान सड़क पर जाम लगाने से दोनों ओर वाहनों की कतारे लग गई। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पचेरी कलां थाने से एएसआई हरिसिंह ने ग्रामीणों से समझाइश कर जाम खुलवाया और संबंधित विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पेयजल व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस मौके पर विरेन्द्र, कृष्ण कुमार, कालूराम, यादराम, ईश्वर, मोतीलाल, संतोष, सावित्री देवी, मंजू, रेखा, बबली और लक्ष्मी देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
