सीकर।
सीकर में नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे बदमाशों का पीछा कर रही पुलिस की गाड़ी पेड़ से टकरा गई। हादसे में कॉन्स्टेबल की मौत हो गई, वहीं एसएचओ गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रविवार सुबह करीब 5 बजे की है।दरअसल, सीकर के दादिया थाना इलाके में पुलिस ने सुबह 3 से 6 बजे तक नाकाबंदी की थी। इसी दौरान हरियाणा नंबर की एक थार नाकाबंदी तोड़कर आगे नवलगढ़ की तरफ निकल गई थी। झुंझुनूं एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने बताया- दादिया थाना पुलिस से सूचना मिली कि दो बदमाश नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे हैं। नवलगढ़ (झुंझुनूं) पुलिस ने थार का पीछा करना शुरू किया। अचानक बदमाशों ने यूटर्न लेकर थार को कच्चे रास्ते की तरफ मोड़ लिया। पुलिस की गाड़ी यूटर्न लेने के दौरान पेड़ से टकरा गई। एसएचओ अजय सिंह और ड्राइवर कॉन्स्टेबल भींवाराम मेघवाल (42) गंभीर रूप से घायल हो गए।
हॉस्पिटल में हुई कॉन्स्टेबल की मौत
पेड़ से टकराने के बाद एयरबैग भी खुले। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस की गाड़ी आगे से डैमेज हो गई।दोनों घायलों को नवलगढ़ के सरकारी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। ड्राइवर की हालत नाजुक थी तो उसे सीकर हॉस्पिटल रेफर किया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एसएचओ का इलाज नवलगढ़ हॉस्पिटल में ही चल रहा है। झुंझुनूं एसपी कावेंद्र सिंह सागर भी उनसे मिलने के लिए पहुंचे। कॉन्स्टेबल की बॉडी सीकर से नवलगढ़ लाई गई।

ग्रामीणों ने युवकों को पकड़ा
इधर, घटना के बाद पुजारी की ढाणी के ग्रामीणों ने थार में सवार दोनों युवकों को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि थार सवार दोनों युवक शराब के नशे में थे। उनकी गाड़ी से बीयर के केन भी मिले हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

